One Piece Season 1 Series Review: क्या रबर मैन लुफी का यह अवतार, जीत पाएगा फैंस का दिल? जानें पूरी कहानी!

Arslan Khan
7 Min Read
IMAGE CREDIT: One Piece Season 1 Trailer

31 अगस्त 2023 के दिन नेटफ्लिक्स लेकर आया था, अपनी एक धमाकेदार लाइव एक्शन सीरीज, जिसका नाम है “वन पीस” का सीज़न 1।

हालांकि मैं आपको बता दूं भले ही यह एक लाइव एक्शन सीरीज हो, लेकिन इसकी जड़ें दरअसल जापान की उस मशहूर ‘मांगा’ और ‘एनीमे’ दुनिया में हैं जो दशकों से करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करती आई है।

इस सीरीज के मुख्य कलाकारों की बात करें, तो इनमें ‘इनाकी गोडॉय’ जो मंकी डी.लुफी का किरदार निभाते हैं, एमिली रड जो नामी के रोल में नजर आती हैं, मैकेन्यू जो रोरोनोआ ज़ोरो बने हैं,

जेकब रोमेरो गिब्सन जो उसोप का किरदार जीते हैं, और ताज़ स्काईलर जो सांजी की भूमिका में दिखाई देते हैं। यही पांचों मिलकर बनाते हैं स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स की वो टोली जो इस सीरीज की असली जान है।

‘वन पीस सीजन 1’ में कुल 8 एपिसोड हैं जिनमें से हर एपिसोड की लंबाई 49 से 63 मिनट के बीच है। सीरीज का जॉनर एक्शन, एडवेंचर, फैंटेसी है।

सीरीज को मैट ओवेन्स और स्टीवन मेडा ने शोरन किया है। जबकि मांगा के मूल लेखक एइचिरो ओडा खुद इस सीरीज के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर और क्रिएटिव कंसल्टेंट के तौर पर जुड़े हुए हैं, जो इसे और भी खास बना देता है।

वन पीस सीजन 1 की कहानी

कहानी शुरू होती है एक ऐसे लड़के से, जिसका नाम है मंकी डी.लुफी। लुफी एक ऐसा इंसान है जिसका बस एक ही सपना है, दुनिया का सबसे बड़ा खजाना “वन पीस” को खोजकर “किंग ऑफ द पाइरेट्स” बनना।

लेकिन यह सफर इतना आसान नहीं है क्योंकि लुफी के पास न तो कोई जहाज़ है, न कोई क्रू और न ही कोई नक्शा। लेकिन जो चीज़ उसके पास है वह है एक अटूट जज्बा और एक ऐसी अनोखी ताकत जो उसे दुनिया के बाकी लोगों से अलग बनाती है।

दरअसल लुफी ने बचपन में एक “डेविल फ्रूट” खा लिया था, जिसकी वजह से उसका पूरा शरीर रबर की तरह खिंच सकता है। यही उसकी सबसे बड़ी ताकत भी है और कमज़ोरी भी। क्योंकि अब वह कभी तैर नहीं सकता।

धीरे धीरे लुफी अपनी टोली बनाना शुरू करता है, जिसमें तलवारबाज़ ज़ोरो, नेविगेटर नामी, निशानेबाज़ उसोप और शेफ सांजी शामिल होते हैं। यहाँ हर किरदार का अपना एक दर्दनाक अतीत है और हर किसी का अपना एक बड़ा सपना और यही बात इन सबको एक साथ बांधती है।

सीजन 1 में चार मुख्य आर्क्स को कवर किया गया है रोमांस डॉन आर्क , ऑरेंज टाउन आर्क , सिरप विलेज आर्क, बैरेटी आर्क और अर्लोंग पार्क आर्क। यानी मांगा के पहले 100 चैप्टर्स को सिर्फ 8 एपिसोड में बेहद खूबसूरती से समेटा गया है।

सीरीज की बड़ी कमियां

‘वन पीस सीजन 1’ की सबसे बड़ी कमी जो मुझे महसूस हुई, वह है पेसिंग यानी रफ्तार की समस्या। जी हां जिस तरह से इतनी बड़ी कहानी को सिर्फ 8 एपिसोड में समेटने की कोशिश की गई है,

उसमें कई बार ऐसा महसूस होता है जैसे कहानी जल्दी-जल्दी आगे बढ़ रही है। कई किरदारों के साथ जो जुड़ाव एनीमे में बनता था, वह यहां उतना गहरा नहीं बन पाता।

जिन दर्शकों ने ओरिजिनल एनीमे या मांगा देखा है, उन्हें कुछ जगहों पर कहानी में बदलाव खटकते हैं। जैसे कि “जैंगो” इसमें जैसे किरदारों को पूरी तरह हटा दिया गया है, और “क्रीग” की जगह पर “अर्लोंग” को बैरेटी में दिखाया गया है, जो ओरिजिनल फैंस के लिए थोड़ा अजीब लग सकता है।

इसके अलावा कुछ विलेन्स के किरदार इतने कम समय में पूरी तरह से दिख नहीं पाते, जिसकी वजह से उनकी खलनायकी उतनी असरदार नहीं बन पाती।

सीरीज की अच्छी बातें

मूवी में जिस तरह से लुफी के किरदार को दिखाया गया है, जो एक मासूम, बेफिक्र, लेकिन अंदर से बेहद मज़बूत और दिल का सच्चा इंसान है, वह स्क्रीन पर देखने में काफी बढ़िया लगता है। इनाकी गोडॉय ने लुफी के उस बचकाने लेकिन जोशीले अंदाज़ को इतनी अच्छे से जिया है कि आप उन्हें देखते ही लुफी से प्यार कर बैठते हैं।

सीरीज का प्रोडक्शन डिज़ाइन और विज़ुअल इफेक्ट्स काबिल-ए-तारीफ हैं। “गोइंग मेरी” नाम के जहाज़ को स्क्रीन पर जिस खूबसूरती से उतारा गया है, वह हर एनीमे फैन का दिल जीत लेता है। हर एक द्वीप का सेट डिज़ाइन इतना रंगीन है, कि आपको लगता है आप सच में उस काल्पनिक दुनिया में पहुंच गए हैं।

बात करें बैकग्राउंड म्यूजिक की तो सोन्या बेलूसोवा और जियोना ओस्टिनेल्ली द्वारा कंपोज किया गया एक्शन, इमोशन और एडवेंचर तीनों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलता है।

कैसा है डायरेक्शन?

सीरीज के अलग-अलग एपिसोड्स का निर्देशन मार्क जॉब्स्ट, एम्मा सुलिवन और जोसेफ कुबोटा व्लादिका ने किया है। मार्क जॉब्स्ट ने पायलट एपिसोड का निर्देशन किया, जो कि इससे पहले Netflix की Daredevil, Luke Cage और The Witcher जैसी बड़ी सीरीज़ को डायरेक्ट कर चुके हैं। और बात करें वन पीस में उनके निर्देशन की तो इस बार भी उन्होंने स्क्रीन पर हमेशा की तरह ही जादू बिखेर दिया है।

जहां एक तरफ डायरेक्टर्स एक्शन सीक्वेंस को ज़बरदस्त तरीके से पेश करते हैं, तो वहीं दूसरी ओर किरदारों के आपसी रिश्तों और जज्बातों को भी स्क्रीन पर अच्छे से प्रेजेंट करते हैं। और मेरा मानना है कि यही एक अच्छे डायरेक्टर की पहचान है।

खास बात यह है कि मांगा के असली लेखक एइचिरो ओडा खुद पूरी सीरीज की क्रिएटिव निगरानी करते रहे, जिसकी वजह से यह सीरीज ओरिजिनल मटेरियल के प्रति बेहद वफादार बन पाई।

निष्कर्ष: देखें या छोड़ें?

अगर आप इस वीकेंड कुछ हल्का-फुल्का देखना चाह रहे हैं, जो की सस्पेंस थ्रिलर और मर्डर मिस्ट्री से हटकर हो, जहां एडवेंचर, दोस्ती और सपनों से भरी एक सिंपल लेकिन दिल छू लेने वाली कहानी देखने को मिले,

तब आपके लिए ‘वन पीस सीजन 1’ एकदम परफेक्ट वॉच साबित हो सकता है, जो कि नेटफ्लिक्स पर हिंदी डब के साथ उपलब्ध है।

Share This Article
Leave a review