Sangmarmar Series Review: 25 साल का इंतज़ार और एक अधूरा प्यार, क्या अमृता और आदित्य फिर मिल पाएंगे?

Amir Khan
7 Min Read
IMAGE CREDIT: Sangmarmar Web Series Trailer

सूरज बड़जात्या और राजश्री प्रोडक्शन के तले बनी, वेब सीरीज ‘संगमरमर’ में ड्रामे के साथ-साथ इमोशन का तड़का भी डाला गया है, जहाँ सच्चे प्यार को दिखाया गया है, जो समय के साथ न टूटने वाला प्यार बनता है।

इस सीरीज के अंदर अमृता और आदित्य की जोड़ी को बहुत अच्छे से पेश किया गया है पर ऐसी कौन सी वजह है कि इन दोनों को अलग होना पड़ता है?

प्यार, पारिवारिक जिम्मेदारी और बलिदान की यह कहानी ‘जियोहॉटस्टार’ के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हिंदी में देखने को मिल जाएगी।

वेब सीरीज का निर्देशन किया है ‘विक्रम घई’ ने। यहाँ आपको कलाकारों के रूप में स्मित बंसल, खालिद सिद्दीकी, फारूक सईद, जय ओझा, सविता दास और सौरभ राज जैन दिखाई देंगे।

क्या है वेब सीरीज का बेसिक प्लॉट

यह कहानी अमृता नाम की एक लड़की की है जिसे आदित्य से प्यार हो गया है। एक आम कपल की तरह ही ये दोनों साथ जीने-मरने की कसमें खाते हैं। जिस तरह आज की जनरेशन में प्यार हो जाने के बाद लड़का-लड़की एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते वैसा ही कुछ अमृता और आदित्य के साथ भी होता दिखेगा।

पर जैसा कि आमतौर पर फिल्मों में देखा जाता है, वैसा ही कुछ यहाँ पर भी होता है। अमृता की जिंदगी एक नया मोड़ लेती है, जब उसे अपने परिवार की खातिर, या यह कहें कि परिवार की जिम्मेदारियों की वजह से आदित्य का साथ छोड़ना पड़ जाता है। अमृता अपने परिवार के वास्ते खुद की सारी खुशियों को त्याग देती है।

शायद आपको लग रहा हो कि कहानी तो यहाँ खत्म हो जाएगी पर नहीं, क्योंकि कहानी तो यहाँ से शुरू होती है। अमृता की इस जिंदगी के बाद की कहानी यानी अब 25 साल बाद की कहानी दिखाई जाती है। 25 साल बाद भी अमृता आदित्य से उतना ही प्यार करती है, जितना कि वह पहले किया करती थी।

ये वेब सीरीज ‘संगमरमर’ दिखाती है, कि सच्चा प्यार वह होता है, जो चुपचाप हमेशा दिल के कोने में छुपा रहता है। गहरा प्यार दिल से कभी नहीं निकलता। जिन दर्शकों ने अपनी जिंदगी में एक बार भी सच्चा प्यार किया होगा।

वे इस वेब सीरीज से पूरी तरह से खुद को कनेक्ट कर लेंगे जहाँ परिवार की जिम्मेदारियों को उसी इमोशनल ढंग से प्रस्तुत किया गया है जैसा कि पहले भी राजश्री अपनी फिल्मों में दिखाते रहे हैं।

राजश्री प्रोडक्शन ने क्या संदेश दिया है संगमरमर के माध्यम से

राजश्री प्रोडक्शन ने ‘संगमरमर’ वेब सीरीज़ के माध्यम से बहुत बड़ा और सच्चा संदेश दिया है, कि असली प्यार दिल से कभी भी जुदा नहीं होता चाहे जिंदगी में कितनी भी मुश्किलें क्यों न आएँ चाहे कितना भी इंतजार क्यों न करना पड़े।

‘संगमरमर’ सीरीज़ की कहानी यह भी समझाती है कि प्यार सिर्फ साथ रहने का नाम नहीं, बल्कि चुपचाप सहने, समझने और इंतजार करने को भी कहा जा सकता है। कभी-कभी हमें अपने प्यार को पीछे रखकर परिवार की जिम्मेदारियों को भी समझना होता है।

परिवार और जिम्मेदारियों के लिए अपने प्यार का गला घोंटना भी एक तरह से प्यार ही है। यहाँ एक और संदेश यह भी दिया गया है कि जिंदगी के सभी निर्णय जल्दबाजी में नहीं लेने चाहिए, क्योंकि जल्दबाजी में लिया हुआ निर्णय आने वाली पीढ़ियों पर असर डालता है।

क्या है मेरी राय इस फिल्म के बारे में

अगर आपने राजश्री प्रोडक्शन की पिछली फिल्में या वेब सीरीज देखी होंगी, तो यह ‘संगमरमर’ भी आपको बिल्कुल वैसी ही लगेगी। ‘संगमरमर’ के अभी सिर्फ 9 एपिसोड ही रिलीज किए गए हैं, बाकी के एपिसोड हर हफ्ते बृहस्पतिवार के दिन आएँगे।

अब आप इसे वेब सीरीज कहें या वेब सीरियल, यह आपके विवेक पर निर्भर करता है। अगर आपने राजश्री प्रोडक्शन की ‘एक विवाह ऐसा भी’ देखी होगी तो शायद इस सीरीज़ की कहानी आपको उस फिल्म से मिलती-जुलती लगे।

मुझे ऐसा लगता है कि इस वेब सीरीज में ऐसा कुछ भी नहीं है, जो इससे पहले राजश्री ने हमें न दिखाया हो। अगर आपको भी इस तरह की कहानियाँ पसंद आती हैं तो शायद आप इससे खुद को कनेक्ट कर सकेंगे।

राजश्री प्रोडक्शन की कहानी की लिखावट में अभी भी वही पुरानापन है, जो उनकी पुरानी फिल्मों में होता था। मेरा तो यह मानना है कि समय के अनुसार अब इन्हें अपडेट हो जाना चाहिए। सोशल मीडिया के इस दौर में इस तरह की वेब सीरीज को देखने में आज के यूथ का इंटरेस्ट काफी कम है।

जियोहॉटस्टार को चाहिए था, कि सीरीज़ ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ का सीजन 2 जल्दी से जल्दी लेकर आए, पर वह अभी तक उसे नहीं ला पाया। अगर इन्हें लगता है कि ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ के जैसे ही लोग ‘संगमरमर’ को भी उतना ही पसंद करेंगे तो ऐसा नहीं है इसकी कहानी बिल्कुल अलग है।

टेक्निकल पॉइंट

इस वेब सीरीज का बजट ठीक-ठाक है पर हाँ, सीरीज का बजट ऐसा है, कि अगर टीवी का बजट कहा जाए तो ज्यादा सही रहेगा। यहाँ सभी एक्टरों ने भी टीवी सीरियल के जैसे ही परफॉर्मेंस दी है।

इसे ऐसे भी समझा जा सकता है कि यह आज के जमाने के ओटीटी का टीवी सीरियल है। अगर आप भी वही घिसी-पिटी कहानी देखना चाहते हैं जो इससे पहले कई बार देख चुके हैं, तो ‘संगमरमर’ वेब सीरीज के न्यू एपिसोड को ‘जियोहॉटस्टार’ पर देख सकते हैं।

रेटिंग: 2.5/5

Share This Article
Leave a review