4 जून 2023 के दिन ‘पैरामाउंट प्लस’ पर रिलीज हुई एक वेस्टर्न सीरीज, जिसका नाम “जो पिकेट सीज़न 2” (Joe Pickett Season 2) है, इस अमेरिकन टीवी सीरीज के सीजन 1 और सीजन 2 को काफी लंबे समय के बाद, अब 16 फरवरी 2026 से JioHotstar पर हिंदी भाषा में रिलीज कर दिया गया है। यह सीरीज C.J. Box की किताबों पर आधारित है।
जो पिकेट सीज़न 1 में, ‘जो पिकेट’ नाम के एक ‘गेम वार्डन’ की कहानी को दिखाया गया था, जिसकी पोस्टिंग हाल ही में ‘व्योमिंग’ के छोटे से टाउन ‘सैडलस्ट्रिंग’ में हुई थी। वह अपनी पत्नी ‘मेरीबेथ’ और 3 बच्चों शेरिडन, लुसी और गोद ली हुई बेटी अप्रैल के साथ इसी शहर में रहने लगा था।
लेकिन कुछ ही दिनों बाद अचानक Joe के घर के बैकयार्ड में संदिग्ध अवस्था में एक लाश मिलती है। यह लाश इसी शहर में रहने वाले एक पोचर यानी शिकारी की थी। यह सब जानकर Joe इस केस को अपने हाथों में लेता है और इसे सॉल्व करता है।
जो पिकेट सीजन 2 की कहानी
सीजन 1 की कहानी खत्म होने के ठीक बाद से ही ‘जो पिकेट सीज़न 2’ की शुरुआत होती है। तो चलिए जानते हैं इसकी कहानी और करते हैं इस सीरीज का डिटेल रिव्यू।
सीरीज की शुरुआत Joe और उसकी फैमिली से होती है। Joe पेशे से एक ‘गेम वार्डन’ है और ‘व्योमिंग खेल और मछली विभाग’ के लिए काम करता है। Joe का काम जंगल और वहां के जानवरों की सुरक्षा करना है।
Joe की बच्चियां अब स्कूल जाने लगी हैं, वहीं पत्नी मैरीबेथ, जिसके पास लॉ की डिग्री है, वह अब एक लोकल हंटर ‘ब्लेयर उरमान’ के यहां काम करती है, जोकी एस्टेट और लीगल मैटर्स से जुड़ा काम देखते हैं।
लेकिन साथ ही साथ मैरीबेथ अपनी मां ‘मिस्सी’ को लेकर काफी चिंतित रहती है, क्योंकि उसकी मां शहर के एक डिप्टी पुलिस के साथ रिश्ते में जुड़ी हुई है और बियर बार में नौकरी करती है।
सीरीज़ की कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है यह एक काफी इंटरेस्टिंग मोड़ लेती है, क्योंकि अचानक एक दिन मैरीबेथ को पता चलता है कि उसका क्लाइंट ‘फ्रैंक उरमान’ अपने भतीजों के साथ जंगल में शिकार करने गया था, लेकिन अब वे सब गायब हो गए हैं।
यह सुनकर मैरीबेथ अपने पति Joe को बताती है क्योंकि यह जंगल Joe के अंडर में आता है। हालांकि Joe शुरू में उस खतरनाक जंगल में जाने से कतराता है और बताता है, कि उरमान जिस एरिया में गया है वह जंगल ‘बरमूडा माउंटेन’ की वजह से काफी शापित और खतरनाक माना जाता है ।
हालांकि मैरीबेथ के समझाने पर वह मान जाता है और उरमान को ढूंढने के लिए दूर जंगल में निकल जाता है। इसी बीच Joe की मुलाकात एक सनकी शिकारी से होती है, जिसका नाम ‘कैमिश ग्रिमेंग्रुब’र उर्फ ‘ग्रिम ब्रदर्स’ है।
Joe को उस शिकारी का स्वभाव थोड़ा अजीब लगता है, जिस वजह से Grimm से उसके मछली पकड़ने का परमिट मांगता है। और इसी परमिट के चक्कर में पड़कर Joe उस ग्रिम्म के पीछे चल पड़ता है। जंगल में काफी अंदर जाने के बाद उसकी मुलाकात ग्रिम्म के जुड़वां भाई ‘कालेब ग्रिमेंग्रुबर’ से होती है।
जैसे जैसे Joe इन दोनों की छानबीन करता है,उसको बहुत सारी अजीब चीजें पता चलती हैं। जैसे कि यह दोनों आदमखोर भाई काफी लंबे समय से इस जंगल में छुपकर रह रहे हैं, साथ ही जानवरों की खाल और जादुई रिचुअल (अनुष्ठान) करने के लिए उनके मांस को भी कच्चा खा जाते हैं।
इस पूरे मामले को देखकर Joe कानूनी प्रक्रिया के अंतर्गत, दोनों ग्रिम ब्रदर्स पर जुर्माना लगाता है और कोर्ट में पेश होने के लिए कहता है। हालांकि Joe इस बात से बिल्कुल बेखबर था, कि वह आगे चलकर एक बड़ी मुसीबत में फंसने वाला है।
जैसे ही Joe जंगल से बाहर निकलने की कोशिश करता है, उस पर तीरों से हमला कर दिया जाता है, जिस वजह से Joe के घोड़े ‘लिजी’ की भी जान चली जाती है।
Joe अपनी जान बचाने के लिए जंगल में ही मौजूद एक घर में चोरी-छिपे शरण लेता है, जहां उसकी मुलाकात ‘रोजी’ नाम की एक अजीबोगरीब लड़की से होती है।
हालांकि रोजी भी उन्हीं ग्रिम ब्रदर्स द्वारा किडनैप की गयी है और वह भी एक विक्टिम है, लेकिन फिर भी वह Joe की मदद करती है और उसे तुरंत ही उसके घर से जाने के लिए कहती है। क्योंकि रोजी जानती थी कि कभी भी उसके खूंखार भाई Joe को ढूंढते हुए यहां आ सकते हैं।
जैसे-तैसे Joe इस खूंखार जंगल से अपनी जान बचाकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा होता है, तभी इसी दौरान ‘नैट रोमानोव्स्की’ नाम का एक अनजान इंसान उसे बचा लेता है और शहर के अस्पताल पहुंचा देता है।
लेकिन जब Joe उन दोनों ग्रिम्म भाइयों से मिला था, तो उन्होंने इसी जंगल में मौजूद एक शैतानी आत्मा ‘वेण्डिगो’ के बारे में बताया था।
अब क्या यह सच है कि बरमूडा पर्वत ड्राई रिज नॉर्थ ईस्ट के इन ग्लेशियरों में असल में कोई शैतानी आत्मा मौजूद है, जो वहां मौजूद जानवरों को मारकर खा रही है?
यह दोनों जुड़वा ग्रिम ब्रदर्स कौन हैं?
क्या यह दोनों सच में इंसान हैं या फिर वेण्डिगो के गुलाम?
इन सभी अहम सवालों के जवाब जानने के लिए आपको देखनी होगी यह 10 एपिसोड वाली वेब सीरीज।
निर्देशन की खूबियां
जो पिकेट सीज़न 1 सीरीज का निर्देशन ‘ड्रू डॉडल’ और ‘जॉन एरिक डॉडल’ भाइयों द्वारा किया गया है। यह दोनों इससे पहले भी कई हॉरर फिल्मों को निर्देशित और प्रोड्यूस कर चुके हैं, जिनमें से कुछ फिल्मों के नाम हैं – साल 2008 में आई फिल्म ‘Quarantine’, 2010 में आई ‘Devil’, और साल 2015 में आई फिल्म ‘No Escape’।
यही वजह है कि सीरीज ‘जो पिकेट सीज़न 2’ में 10 एपिसोड होने के बावजूद भी यह बिल्कुल भी बोर नहीं करती और हर एक सीन दर्शकों को एपिसोड के अंत तक बांधे रखता है।
टेक्निकल एस्पेक्ट
‘जो पिकेट सीज़न 2’ नाम की इस सीरीज की कहानी मुख्य रूप से जंगल के इर्द गिर्द घूमती है, जिस वजह से इसमें शानदार हरे भरे जंगल और खुला आसमान दिखाया गया है, जो देखने में काफी सुंदर लगता है। वहीं बात करें सीरीज के बैकग्राउंड म्यूजिक की, तो वह भी लाजवाब है और हर एक सीन में हॉरर और सस्पेंस के हिसाब से बदलता रहता है।
सीरीज के वीक पॉइंट
‘जो पिकेट सीज़न 2’ की सबसे बड़ी कमी मुझे यह लगी, कि कहानी के पूरे सस्पेंस को कुछ ही एपिसोड में रिवील (उजागर) कर दिया गया है, जिस वजह से 5 एपिसोड के बाद की कहानी थोड़ी सुस्त लगने लगती है।
इस सीरीज के मुख्य किरदार Joe को कई सीन्स में थोड़ा ज्यादा ही आदर्शवादी किस्म का दिखाया गया है। यही वजह है कि जब मैं इसे देख रहा था, तब मुझे कई दृश्यों में ऐसा लगा कि Joe को जानबूझकर इतना आदर्शवादी दिखाया गया है।
जिससे वह कभी-कभी खुद ही मुसीबत मोल ले लेता है। मुझे कई दृश्यों में ऐसा महसूस हुआ कि वह मुसीबत से आसानी से निकल सकता था, पर फिर भी जानबूझकर फंस जाता है।
भले ही इसकी कहानी काफी इंगेजिंग और इंटरेस्टिंग है, पर फिर भी ‘जो पिकेट सीजन 2’ में पूरे 10 एपिसोड हैं, और हर एक की लंबाई तकरीबन 50 मिनट के भीतर है। इस वजह से इसे देखने के लिए दर्शकों को अपना काफी लंबा समय देना होगा। मुझे लगता है कि इसे 7 से 8 एपिसोड में भी खत्म किया जा सकता था।
सीरीज की अच्छी चीजें
‘जो पिकेट सीज़न 2’ की कहानी में जिस तरह से सस्पेंस को बिल्डअप किया गया है, उसके लिए मैं इस सीरीज के मेकर्स की तारीफ करना चाहूंगा।
इसकी कहानी काफी इंगेजिंग है और साथ-साथ स्टोरी में आने वाला हर एक नया किरदार जिस तरह से कहानी में एक नई मिस्ट्री लेकर आता है, उसकी वजह से सीरीज में जो टेंशन क्रिएट होती है, उसे देखकर काफी मजा आता है।
इसे काफी लंबे समय के बाद हिंदी भाषा के साथ भारत में JioHotstar पर रिलीज किया गया है, और मैं कहूंगा कि इस सीरीज की हिंदी डबिंग लाजवाब है।
सीरीज में Joe के किरदार को काफी जिम्मेदारी वाला दिखाया गया है, यह अपनी ड्यूटी को लेकर उतना ही कर्तव्यनिष्ठ है, जितना कि अपनी फैमिली को लेकर। यही वजह है कि दर्शक Joe से काफी जुड़ाव महसूस कर सकेंगे।
निष्कर्ष: क्यों देखें?
अगर आपको अमेरिकन ड्रामा फिल्में देखना पसंद हैं, जिसमें स्लो बर्न ड्रामा, हॉरर और थ्रिल को सस्पेंस के साथ मिलाकर परोसा गया हो। तब Joe Pickett सीजन 2 नाम की यह वेस्टर्न सीरीज आपके लिए एकदम परफेक्ट है।
हालांकि इसे देखने के लिए आपको अपना काफी लंबा समय देना होगा, लेकिन मेरे हिसाब से फिर भी यह आपका कीमती वक्त डिजर्व करती है, क्योंकि सीरीज में जिस तरह से थ्रिलर के साथ टेंशन को बिल्डअप किया गया है वह लाजवाब है।
इस सीरीज़ में कुछ एडल्ट सीन भी मौजूद हैं, तो इसे फॅमिली के साथ तो बिलकुल भी न देखें।
रेटिंग : 3.5/5
READ MORE










