26 मार्च 2026 के दिन नेटफ्लिक्स अपनी एक नई वेब सीरीज लेकर आया है, जिसका नाम “समथिंग वेरी बैड इज गोइंग टू हैपन” (Something Very Bad Is Going To Happen) है। यह सीरीज इंग्लिश के साथ-साथ हिंदी में भी कई सारे सबटाइटल्स के साथ उपलब्ध कराई गई है।
क्रिएटर्स और स्टार कास्ट
इस सीरीज की क्रिएटर और शोरनर हेली जेड. बोस्टन (Haley Z. Boston) हैं, जो इससे पहले ‘Brand New Cherry Flavor’ जैसी सीरीज बना चुकी हैं। एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स में ‘Stranger Things’ के क्रिएटर्स डफर ब्रदर्स (Matt Duffer और Ross Duffer) शामिल हैं।
कुछ एपिसोड्स का निर्देशन वेरोनिका टोफिल्स्का Baby Reindeer की डायरेक्टर ने किया है, जबकि अन्य एपिसोड्स को एक्सल कैरोलिन और लिसा ब्रुहलमैन जैसे डायरेक्टर्स ने हैंडल किया है।
जॉनर
सीरीज में कुल 8 एपिसोड देखने को मिलते हैं, जिनमें हर एपिसोड की लंबाई तकरीबन 50-55 मिनट के बीच है। सीरीज के जॉनर की बात करें तो यह सस्पेंस थ्रिलर, साइकोलॉजिकल हॉरर और हॉरर की कैटेगरी में आती है। यह TV-MA रेटेड है, जिसमें एडल्ट थीम्स, वायलेंस और इंटीमेट सीन्स शामिल हैं।
सीरीज़ की कहानी: प्रेग्नेंट रेचल का संघर्ष
सीरीज की शुरुआत रेचल (Camila Morrone) नाम की एक लड़की से होती है, जो अपने मंगेतर निक्की (Adam DiMarco) के साथ रिलेशनशिप में है। रेचल साइकोलॉजी की ग्रेजुएट स्टूडेंट है और जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली है। यही वजह है कि निक्की उसे अपने पुश्तैनी घर ले जाता है, क्योंकि वह अपने परिवार के साथ शादी का जश्न मनाना चाहता है।
हालांकि रेचल इस बात से बिल्कुल अनजान थी कि यह सफर उसकी जिंदगी का सबसे मुश्किल सफर होने वाला है। सफर के दौरान वे एक गैस स्टेशन पर रुकते हैं। वहां दूर-दूर तक कोई नहीं था, लेकिन रेचल को एक अनजान कार दिखाई देती है।
जब वह उस कार की जांच करती है, तो उसे अंदर एक छोटा नवजात बच्चा सोता हुआ दिखाई देता है। रेचल तुरंत कार का दरवाजा खोलकर बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश करती है, क्योंकि ज्यादा देर बंद कार में रहने से उसकी जान जा सकती थी।
रेचल और निक्की के लाख कोशिश करने के बावजूद दरवाजा नहीं खुलता। इसके बाद रेचल पास के एक बार में मदद मांगने जाती है। वहां उसकी मुलाकात एक अजीबोगरीब लड़की से होती है, जो कहती है कि वह वहां अकेली है और मदद नहीं कर सकती, हालांकि वह पुलिस को बुलाने के लिए राजी हो जाती है।
तभी वहां अचानक एक बूढ़ा आदमी रेचल से टकराता है। घबराहट में रेचल अपनी गाड़ी की चाबी उस बूढ़े के हाथ में चुभा देती है। लेकिन वह आदमी उस चाबी को इतनी आसानी से निकाल देता है, जैसे उसे कोई दर्द ही न हुआ हो, मानो वह इंसान नहीं बल्कि कोई शैतान हो। वह बूढ़ा रेचल से पूछता है, “क्या तुम्हारा पति तुम्हारे प्रति वफादार है?”
डरी हुई रेचल वहां से भागकर वापस निक्की के पास पहुंचती है। निक्की बताता है कि बच्चे के मां-बाप आ गए थे और वे बच्चे को ले गए हैं। इसके बाद वे अपनी मंजिल पर पहुंच जाते हैं, जहां निक्की का परिवार लिली, पोर्टिया, जूडी और उसकी मां विक्टोरिया (Jennifer Jason Leigh) रहते हैं।
वहां उन्हें ‘सॉरी मैन’ (Sorry Man) नाम की एक आत्मा के बारे में पता चलता है, जो खासकर उन गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाती है जिनकी शादी होने वाली होती है। कहानी धीरे-धीरे रेचल के बढ़ते डर, अजीब इत्तेफाकों और पारिवारिक रहस्यों को उजागर करती है।
सिनेमैटोग्राफी और माहौल
सीरीज का माहौल काफी डार्क है, जिससे हर सीन दिलचस्प महसूस होता है। स्नो-बाउंड फॉरेस्ट और आइसोलेटेड केबिन का वातावरण साइकोलॉजिकल टेंशन को और बढ़ा देता है। इसकी सिनेमैटोग्राफी और सर्दियों का मौसम आपके मूड को कहानी के अनुरूप सेट कर देता है।
कमियां: लंबाई और कुछ अधूरे सवाल
भले ही यह सीरीज सस्पेंस से भरपूर है, लेकिन इसकी 8 एपिसोड की लंबाई थोड़ी ज्यादा महसूस होती है। साथ ही, कुछ सीन ऐसे हैं जिनके सटीक जवाब अंत तक भी नहीं मिल पाते।
खूबियां जो कमियों पर भारी हैं
लंबाई अधिक होने के बावजूद, कहानी शुरू से अंत तक दर्शकों को बांधे रखती है। यहाँ सहायक किरदारों ने बेहतरीन एक्टिंग की है। खासकर कैमिला मोरोन ने रेचल के डर और मानसिक स्थिति को बखूबी पर्दे पर उतारा है। जेनिफर जेसन ली और एडम डिमार्को ने परिवार के अजीबोगरीब व्यवहार को बखूबी निभाया है।
निष्कर्ष: देखें या नहीं?
अगर आपको हॉरर, थ्रिलर और सस्पेंस से भरपूर लंबी सीरीज देखना पसंद है, तो यह आपके लिए एक बेहतरीन ‘बिंज वॉच’ साबित हो सकती है। हालांकि, एडल्ट कंटेंट और इंटीमेट सीन्स की वजह से मैं इसे परिवार के साथ देखने की सलाह नहीं दूंगा।
रेटिंग: 3.5/5
READ MORE
Pretty Lethal Review: Kill Bill की याद दिला देंगी, ये 5 लड़कियाँ।











